HomeWORLD HEART DAYआंखें भी बताती हैं दिल का हाल, आइए जानते हैं क्या कनेक्शन...

आंखें भी बताती हैं दिल का हाल, आइए जानते हैं क्या कनेक्शन है दोनों में

आपने अक्सर फिल्मों, गानों और शायरी में आंखों को दिल का आइना कहते सुना होगा। लोग अक्सर आंखों से वह सब कह जाते हैं, जो वह जुबां से नहीं बोल पाते। भावनाएं व्यक्त करने के अलावा हमारी आंखें हमारी सेहत भी बयां करती है। खासतौर पर आंखों की मदद से आप अपने दिल की सेहत का पता लगा सकते हैं। दिल हमारे शरीर का एक बेहद अहम अंग है, जो पूरे शरीर में खून पहुंचाने में मदद करता है। ऐसे में जरूरी है कि इसका खास ख्याल रखा जाए।

इन दिनों दिल से जुड़ी बीमारियों के मामले काफी तेजी से बढ़ते जा रहे हैं। ऐसे में जानते हैं आंखों और दिल के बीच क्या रिश्ता है और कैसे आंखें बयां करती हैं दिल का हाल।

यूशिकागो मेडिसिन (UChicago Medicine) के अनुसार, आंख के पीछे मौजूद ब्लड वेसल्स, जिसे रेटिना वैस्कुलचर के नाम से जाना जाता है, आपके दिल के स्वास्थ्य से काफी करीब से जुड़ी हुई है। आपने अक्सर देखा होगा कि हाई ब्लड प्रेशर, ब्लॉक आर्टिरीज, डायबिटीज और गठिया जैसी समस्याओं की जांच के लिए नेत्र रोग विशेषज्ञ आपकी आंख के लेंस, रेटिना और ऑप्टिक नर्व की जांच करता है, क्योंकि इससे इन बीमारियों के संकेत मिलते हैं। आइए जानते हैं विभिन्न बीमारियों के आपकी आंखों पर क्या लक्षण दिखाई देते हैं।

हाइपरटेंशन
अगर आपकी आंखों पर लाल धब्बे नजर आ रहे हैं, तो यह हाइपरटेंशन यानी हाई ब्लड प्रेशर या सर्कुलेशन संबंधी समस्याओं का संकेत हो सकता है। हाई ब्लड प्रेशर या हाइपरटेंशन तब होता है, जब आर्टरी की दीवार पर खून का फोर्स बहुत अधिक हो जाता है। हाई बीपी आंखों में रेटिनोपैथी का कारण बन सकता है। अगर आंखों के पीछे मौजूद ब्लड वेसल्स बहुत मोटी या संकीर्ण होती हैं या उनमें रुकावट है, तो यह हृदय की समस्याओं का संकेत हो सकता है।

डायबिटीज
डायबिटीज आंखों में छोटी ब्लड वेसल्स को नुकसान पहुंचा सकती है। शरीर में बढ़ा हुआ ब्लड शुगर लेवल आंखों में की छोटी ब्लड वेसल्स में समस्या पैदा कर सकती है। डायबिटिक रेटिनोपैथी विकसित होने का मतलब अंततः अंधापन है।

हाई कोलेस्ट्रॉल लेवल
अगर आपकी आंखों के आसपास पीलापन नजर आ रहा है, तो यह संकेत है कि आपका कोलेस्ट्रॉल लेवल बढ़ा हुआ है, तो आपके दिल के लिए खतरनाक है। आंखों के आसपास यह पीलापन कोलेस्ट्रॉल से भरे उभार होते हैं, जिन्हें जैंथेलमास कहा जाता है। ये दर्दनाक नहीं होत और पुरुषों की तुलना में महिलाओं में काफी हद तक ज्यादा देखने को मिलते हैं। अगर आपको भी यह संकेत दिखें तो तुरंत अपना कोलेस्ट्रॉल लेवल की जांच कराएं।

हृदय की अन्य समस्याएं
तरल पदार्थ के कारण सूजी हुई पलकें या सूजी हुई आँखें भी दिल से जुड़ी समस्याओं का संकेत हो सकती है। अगर आपको अचानक देखने में दिक्कत होती है और आंखों की जांच से पता चलता है कि रेटिना की ब्लड वेसल्स में थक्का जमा है, तो यह हृदय रोग का संकेत हो सकता है।

Agencies